आख़िरी एपिसोड भी अब इतिहास है
Eric Kripke ने सोशल मीडिया पर बताया कि The Boys के पाँचवें और अंतिम सीज़न का काम अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। यानी सिर्फ़ आख़िरी एपिसोड नहीं, बल्कि पूरा शो अब औपचारिक रूप से समापन पर पहुंच गया है। टेलीविज़न के हिसाब से यह वही क्षण है जब पीछे लौटने की गुंजाइश भी खत्म हो जाती है।
Kripke ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आख़िरी एपिसोड के आख़िरी VFX शॉट्स पर आख़िरी रंग-सुधार भी पूरा हो गया है। उनके शब्दों में, अब यह “100% done” है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पहले कभी यह पूरी तरह महसूस नहीं हुआ था कि शो खत्म हो रहा है, क्योंकि हमेशा कुछ न कुछ काम बाकी रहता था। आज जाकर यह बात असल में समझ आई।
उन्होंने इसे अपने जीवन का “सबसे अच्छा पेशेवर अनुभव” बताया और दर्शकों से उम्मीद जताई कि उन्हें नतीजा पसंद आएगा। पोस्ट के अंत में उन्होंने “April 8” भी लिखा।
पांच सीज़न का अंत, और Kripke की साफ़ योजना
Kripke पहले भी कह चुके हैं कि उन्होंने Amazon से शुरू से ही यह बात साफ़ कर दी थी कि कहानी पाँच सीज़न में ही खत्म होनी चाहिए। उनके मुताबिक, चौथे सीज़न के बाद कहानी को वापस पुरानी स्थिति में लाने का कोई खास रास्ता नहीं बचता था, खासकर जब Homelander अमेरिका पर कब्ज़ा कर लेता है।
उनका कहना था कि इस मोड़ के बाद कहानी स्वाभाविक रूप से फ़िनाले की ओर बढ़ती है। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने ज़रूर पूछा था कि क्या वाकई शो को पाँचवें सीज़न पर खत्म करना है, लेकिन Kripke का जवाब साफ़ था। शो को उन्हीं की तय की हुई सीमा पर खत्म होने दिया गया। दुर्लभ बात है, लेकिन इस बार किसी ने कहानी को अनंत तक खींचने की कोशिश नहीं की।